क्या कांग्रेस की वरिष्ठतम नेता सोनिया गांधी अब रायबरेली से चुनाव नहीं लड़ेंगी? ये सवाल इसलिए तेज हो रहे हैं क्योंकि सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने की चर्चा चल रही है।

पिछले दिनों हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने ऑफर दिया था कि हमारे यहां से सोनिया गांधी या फिर प्रियंका वाड्रा चाहें तो राज्यसभा जा सकती हैं। हमें बहुत खुशी होगी।

कांग्रेस सूत्रों का भी कहना है कि पार्टी में इस पर विचार हो रहा है कि सोनिया गांधी राज्यसभा चली जाएं।

इसकी वजह यह भी है कि उनकी सेहत थोड़ी खराब रहती है और लोकसभा चुनाव लड़ना और प्रचार में जाना उनके लिए थोड़ा मुश्किल भरा होगा।

ऐसे में अब यह सवाल भी उठता है कि यदि रायबरेली से सोनिया गांधी नहीं लड़ेंगी तो मुकाबले में कौन होगा? माना जा रहा है कि उनकी जगह पर प्रियंका गांधी को टिकट दिया जा सकता है।

दरअसल यह सीट गांधी परिवार की विरासत वाली रही है। फिरोज गांधी, इंदिरा गांधी, अरुण नेहरू, शीला कौल जैसे लोग इस सीट से सांसद रहे हैं।

ये चेहरे गांधी परिवार के ही सदस्य थे या फिर उनके रिश्तेदार रहे। जैसे फिरोज गांधी पंडित जवाहर लाल नेहरू के दामाद ही थे और शीला कौल उनकी पत्नी कमला नेहरू के भाई की पत्नी थीं। 

रघुराम राजन पर भी जारी हैं कयास, कर्नाटक से मिलेगा मौका?

इस इतिहास को देखते हुए कांग्रेस गांधी परिवार से इतर किसी अन्य व्यक्ति को रायबरेली से उम्मीदवार नहीं बनाना चाहेगी। यह सीट गांधी परिवार के लिए राजनीतिक महत्व रखती है और प्रतीकात्मक महत्व भी बहुत है।

ऐसे में प्रबल संभावना है कि प्रियंका गांधी को ही यहां से मौका दिया जाए। हालांकि अब तक तस्वीर साफ नहीं है और सोमवार को ही राज्यसभा सीटों का ऐलान होना है।

इससे चीजें क्लियर हो सकेंगी। चर्चा तो यह भी है कि आरबीआई के गवर्नर रघुराम राजन भी राज्यसभा जा सकते हैं। उन्हें कर्नाटक से उच्च सदन जाने का मौका मिल सकता है।