किसान संगठनों द्वारा 13 फरवरी को दिल्ली कूच के आह्वान के चलते हरियाणा पुलिस ने यात्रियों की सुविधा को लेकर एहतियात के तौर पर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

इसके अलावा, हरियाणा के सात जिलों- अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में इंटरनेट सेवा बंद करने का ऐलान किया गया है।

हरियाणा पुलिस ने इस दौरान लोगों से 13 फरवरी को प्रदेश के मुख्य मार्ग का उपयोग अति आवश्यक स्थिति में ही करने की सलाह दी है।

हरियाणा से पंजाब की ओर जाने वाले सभी मुख्य मार्गों पर यातायात के बाधित रहने की संभावना है। आमजन से अपील की गई है कि वे पंजाब की ओर यात्रा अति आवश्यक परिस्थितियों में ही करें।

हरियाणा की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) ममता सिंह ने इस बारे में बताया कि ट्रैफिक की वर्तमान स्थिति जानने के लिए हरियाणा पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म- ट्विटर के तथा फेसबुक अकाऊंट को फॉलो करें। 

ऐसे बनाया नया रूट 
पुलिस के अनुसार, एनएच- 44 दिल्ली चंडीगढ़ हाईवे पर किसी यातायात की बाधा की परिस्थिति में चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाले यात्री डेराबस्सी, बरवाला/रामगढ़, साहा, शाहबाद, कुरुक्षेत्र के रास्ते अथवा पंचकूला, एन.एच.-344 यमुनानगर इंद्री/पिपली व करनाल होते हुए दिल्ली पहुंचे।

इसी प्रकार दिल्ली से चंडीगढ़ जाने वाले यात्री करनाल, इंद्री/पिपली, यमुनानगर से पंचकूला होते हुए अथवा कुरुक्षेत्र, शाहबाद, साहा, बरवाला, रामगढ़ होते हुए अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचें।

लोग किसी भी असहज परिस्थिति में डायल-112 पर संपर्क करें। उन्होंने बताया कि शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी तरह की हिंसा को रोकने और यातायात और सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को सुविधाजनक बनाने के लिए पुलिस द्वारा विस्तृत व्यवस्था की गई है।

इस संबंध में सभी रेंज एडीजीपी/आई.जी.पी., पुलिस आयुक्त और जिलों के एस.पी. को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रभावित जिलों खासकर अम्बाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, फतेहाबाद, सिरसा में यातायात के रूटों को अस्थाई तौर पर बदलने के लिए पहले से ही तैयारी कर ली गई है।

‘यात्रा करने से पहले व्यवस्थाओं के बारे में रखें जानकारी’
एडीजीपी ममता सिंह ने कहा कि सभी नागरिकों को इन व्यवस्थाओं के बारे में पहले से सूचित किया जा रहा है ताकि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए अपनी यात्रा की योजना बनाते समय इसका ध्यान रखें। संबंधित जिलों को इस संबंध में स्थानीय एडवाइजरी जारी करने के लिए भी कहा गया है।

हालांकि, राज्य में अन्य सभी मार्गों पर यातायात की आवाजाही सुचारु रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे इस दौरान अनावश्यक रूप से न निकलें और यदि संभव हो तो यात्रा करने से बचें।

ममता सिंह ने कहा कि कानून और व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा।

डीजीपी ने पंजाब-हरियाणा बॉर्डर क्षेत्रों का किया मुआयना
वहीं, शनिवार को हरियाणा के डी.जी.पी. शत्रुजीत कपूर ने अम्बाला के शंभु बॉर्डर, सद्दोपुर बॉर्डर का निरीक्षण करते हुए यहां पर पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए इंतजामों का जायजा लिया।

इस मौके पर उनके साथ आई.जी. अम्बाला रेंज सिबास कविराज, पुलिस अधीक्षक जशनदीप सिंह रंधावा, उपायुक्त अम्बाला डा. शालीन विशेष तौर पर मौजूद रहे।

13 फरवरी को किसानों के दिल्ली कूच को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा शुरू से ही कड़े प्रबंध किए गए हैं। जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए रूपरेखा तैयार करते हुए उस पर कार्य भी कर रही है।

बीते 2 दिन पहले जहां से किसानों के आने की आशंका है, उन स्थानों को चिन्हित करते हुए कई स्थानों पर नाके लगाने बारे भी निर्देश दिए गए हैं।

शंभु बोर्ड के साथ-साथ अन्य सभी नाकों पर पुलिस की व्यापक व्यवस्था की गई है। इसी कड़ी में शनिवार को डी.जी.पी. हरियाणा शत्रुजीत कपूर ने उक्त दोनों बॉर्डरों का निरीक्षण किया।

हरियाणा के कई जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद
हरियाणा में किसानों के दिल्ली कूच को लेकर प्रदेश के कई जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।

संयुक्त किसान मोर्चे और 13 फरवरी को संयुक्त किसान मोर्चा और किसान मजदूर मोर्चा समेत 26 किसान संगठन दिल्ली कूच करेंगे।

जिसे लेकर हरियाणा सरकार ने अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।

बता दें कि रविवार सुबह 6 बजे से 13 फरवरी रात 11:59 बजे तक इन जिलों में इंटरनेट बंद रहेगा। इस दौरान ब्रॉडबैंड और लीज लाइन का इंटरनेट चलता रहेगा।