नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मोदी ने आज यानी रविवार को करीब 4 महीने के बाद रेडियो कार्यक्रम मन की बात किया है। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपनी मां के नाम एक पेड़ अवश्य लगाने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान शुरू किया था और लोगों से यह आग्रह करता हूं कि वे जोर शोर से इस अभियान का हिस्सा बनें।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, दुनिया का सबसे अनमोल रिश्ता मां का होता है। हम सबके जीवन में मां का दर्जा सबसे ऊंचा होता है। मां हर दुख सहकर अपने बच्चे का पालन पोषण करती है। हर मां अपने बच्चे पर हर स्नेह लुटाती है। जन्मदात्री मां का ये प्यार हम सब पर एक कर्ज की तरह होता है जिसे कोई चुका नहीं सकता।

पीएम मोदी ने आगे कहा, इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस पर एक खास अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान का नाम है- एक पेड़ मां के नाम। मैंने भी एक पेड़ अपनी मां के नाम लगाया है। मैंने सभी देशवासियों से दुनिया के सभी देशों के लोगों से यह अपील की है कि अपनी मां के साथ मिलकर या उनके नाम पर एक पेड़ जरूर लजाएं। मुझे यह देखकर बहुत खुशी है कि मां की स्मृति में या उनके सम्मान में पेड़ लगाने का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है।

पीएम मोदी ने कहा, लोग अपनी मां के साथ या फिर उनकी फोटो के साथ पेड़ लगाने की तस्वीरों को सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। हर कोई अपनी मां के लिए पेड़ लगा रहा है। इस अभियान ने सबको मां के प्रति अपना स्नेह जताने का समान अवसर दिया है। वो अपनी तस्वीरों के साथ #एक_पेड़_मां_के_नाम इसके साथ शेयर करके दूसरों को प्रेरित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, धरती भी मां के समान हमारा ख्याल रखती है। धरती मां ही हम सबके जीवन का आधार है इसलिए हमारा भी कर्तव्य है कि हम धरती मां का भी ख्याल रखें। मां के नाम पेड़ लगाने से अपनी मां का सम्मान तो होगा ही साथ ही धरती मां की भी रक्षा होगी।

पीएम मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम के दौरान 26 जुलाई से पेरिस में शुरू होने जा रहे ओलिंपिक में जाने वाले भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं हैं। उन्होंने कहा कि इस बार ओलिंपिक में कई चीजें पहली बार देखने मिलेंगी। इसके साथ ही खिलाड़ी भी एक अलग लेवल का रोमांच दिखाएंगे।

पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर देशवासियों और चुनाव आयोग को धन्यवाद दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारत की जनता ने संविधान और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर अपने अटूट विश्वास को दोहराया है। 2024 का भारत का चुनाव दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव था। दुनिया के किसी भी देश में कभी इतना बड़ा चुनाव नहीं हुआ था, जिसमें 65 करोड़ मतदाताओं ने वोट डाले हों।

इसके साथ ही पीएम मोदी ने हूल दिवस, रथयात्रा-अमरनाथ यात्रा, कुवैत रेडियो के हिंदी शो और लोकल प्रोडक्ट्स को लेकर भी अपने मन की बात कार्यक्रम में चर्चा की। बता दें कि इससे पहले फरवरी महीने में मन की बात का 110वां एपिसोड टेलिकास्ट हुआ था। उस दौरान पीएम मोदी ने कहा था कि राजनीतिक मर्यादा की वजह से लोकसभा चुनाव के दौरान 3 महीने तक मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण नहीं होगा।